हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश में डॉक्टरों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जब प्रदेश में हर जिला स्तर पर मैडिकल कॉलेज बन कर तैयार हो जाएंगे तो एमबीबीएस में दाखिले की सीटें भी बढ़कर 3600 हो जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सदन में बोल रही थी।
उन्होंने लिंगानुपात के अंतर पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में लिंगानुपात को समान करने के लिए प्रयासरत है , यह एक सामाजिक कार्य है। इसमें विपक्ष के सदस्यों को भी जनता को जागरूक करने में सहयोग करना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह ने बताया की लड़कियों का लिंगानुपात 910 तक पहुँच गया है। लेकिन प्रदेश सरकार इस अनुपात को समान करने के लिए गहन प्रयास कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि “आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना” ने गरीब लोगों को बिमारियों के इलाज में होने वाले खर्च की चिंता से मुक्त किया है। हरियाणा सरकार ने इस योजना से एक कदम आगे बढ़कर राज्य में चिरायु योजना को भी लागू किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इन योजनाओं पर 1500 करोड़ खर्च हुए हैं जिनसे करीब 40 लाख परिवारों को सहायता राशि मिली है।
उन्होंने बताया कि अभी पिछले दिनों मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 1090 नवचयनित डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए थे , उनसे काफी रिक्तियां भर गई हैं। डॉक्टरों के बाकी खाली पदों को भी जल्द ही भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रदेश हितैषी सोच के अनुसार हर जिला में मैडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में जहां राज्य के मैडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस दाखिले की केवल 700 सीटें होती थी , वही अब बढ़कर 2185 हो गई हैं। उन्होंने कहा कि जब जिला स्तर पर सभी मैडीकल कॉलेज बनकर तैयार हो जाएंगे तो ये सीटें 3600 हो जाएंगी , इसके बाद प्रदेश में डॉक्टरों की कमी नहीं रहेगी।
उधर , हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए बताया कि हिसार के आजाद नगर में शहरी स्वास्थ्य केंद्र के भवन का निर्माण किया जाएगा।
यह केंद्र फिलहाल एक निजी भवन में चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने 20 जून 2024 को हिसार की (गंगवा रोड़ पर) साकेत कालोनी के सामुदायिक केन्द्र के पास कृषि भूमि पर शहरी स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण की घोषणा की थी। स्वास्थ्य विभाग के नाम पर आवश्यक भूमि हस्तांतरित होते ही शहरी स्वास्थ्य केन्द्र के भवन निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आजाद नगर का यह शहरी स्वास्थ्य केन्द्र हिसार के 200 बिस्तरीय जिला नागरिक अस्पताल से मात्र 7 कि०मी० की दूरी पर स्थित है।
